उज्जैन के कानिपुरा स्थित तिरुपति धाम कॉलोनी में गैस लीकेज के बाद सिगरेट जलाते ही कमरे में जोरदार ब्लास्ट हो गया।

Ujjain Gas Cylinder Blast: उज्जैन के कानिपुरा स्थित तिरुपति धाम कॉलोनी में शनिवार सुबह गैस लीकेज के चलते बड़ा हादसा हो गया। किराए के कमरे में गैस जमा होने के बाद जैसे ही 24 वर्षीय युवक ने सिगरेट जलाने के लिए माचिस की तीली जलाई, कमरे में जोरदार धमाका हो गया। हादसे में युवक करीब 70 प्रतिशत तक झुलस गया, जबकि धमाके से कमरे की एक दीवार भी क्षतिग्रस्त होकर गिर गई। गंभीर हालत में युवक को इंदौर रेफर किया गया है।
कमरे में पहले से जमा थी गैस
जानकारी के मुताबिक, कमरे में रहने वाला संदीप गैस एजेंसी में सिलेंडर डिलीवरी और फिटिंग का काम करता था। आशंका है कि रातभर सिलेंडर से गैस का रिसाव होता रहा और बंद कमरे में गैस जमा हो गई। सुबह संदीप ने सिगरेट जलाने के लिए माचिस की तीली जलाई। चिंगारी के संपर्क में आते ही कमरे में जमा गैस ने आग पकड़ ली और तेज धमाका हो गया।
धमाके से गिरी दीवार
ब्लास्ट इतना तेज था कि कमरे की एक तरफ की दीवार क्षतिग्रस्त होकर नीचे गिर गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। संदीप आग की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस चुका था। उसे तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।
बाथरूम में होने से बची साथी की जान
संदीप के साथ कमरे में देवीलाल भी रहता था। हादसे के वक्त वह बाथरूम में मौजूद था, जिसके कारण वह सीधे धमाके की चपेट में आने से बच गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई।
गैस एजेंसी में काम करता था संदीप
संदीप मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला बताया जा रहा है। वह करीब 20 दिन पहले उज्जैन आया था और तिरुपति धाम कॉलोनी में किराए के कमरे में रह रहा था। वह शिप्रा गैस एजेंसी से जुड़कर सिलेंडर डिलीवरी और फिटिंग का काम करता था।
70% झुलसा, इंदौर रेफर
हादसे में संदीप के शरीर का करीब 70 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया है। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया है। फिलहाल गैस लीकेज की वजह और ब्लास्ट की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
उज्जैन में नगर निगम कार्यालय के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से 25 वर्षीय एक्टिवा सवार युवक की मौत हो गई। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है।
मॉडल से साध्वी बनीं हर्षा रिछारिया ने वीडियो जारी कर शंकराचार्य और संतों को तथाकथित संत, समाज का ठेकेदार और दोगला बताया।
उज्जैन में गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद तालाब में नहाना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ।
हर बड़ी ख़बर, ब्रेकिंग न्यूज़ और लेटेस्ट अपडेट्स सीधे अपने फेसबुक फीड पर पाएं।
Follow Page