उज्जैन के खाचरोद में घर बैठे ट्यूटर की नौकरी और ₹30 हजार सैलरी का झांसा देकर युवती से ₹42,279 की साइबर ठगी की गई।


Online Job Fraud: घर बैठे नौकरी और हर महीने ₹30 हजार कमाने का लालच एक युवती को भारी पड़ गया। उज्जैन जिले के खाचरोद में 28 वर्षीय युवती ने Instagram पर ऑनलाइन ट्यूटर की नौकरी का विज्ञापन देखा। विज्ञापन में भरोसा दिलाया गया कि घर से काम करते हुए अच्छी सैलरी मिलेगी। युवती ने दिए गए नंबर पर संपर्क किया, लेकिन नौकरी देने के नाम पर उससे अलग-अलग बहानों से हजारों रुपये ट्रांसफर करा लिए गए।
खाचरोद निवासी अलेफिया पिता इकबाल फोटोग्राफर ने पुलिस को बताया कि उसने इंस्टाग्राम पर Byju's Online Tutor Teacher’ के नाम से ऑनलाइन ट्यूटर की नौकरी का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में घर से काम करने और हर महीने ₹30 हजार वेतन मिलने की बात कही गई थी। नौकरी की उम्मीद में युवती ने विज्ञापन में दिए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। संपर्क करने के बाद आरोपी ने रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर ₹1,500 जमा करने को कहा। इसके बाद दूसरे नंबर से आईडी कार्ड की फोटो और भुगतान के लिए क्यूआर कोड भेजा गया। अलेफिया ने 9 सितंबर को ₹1,500 ट्रांसफर कर दिए।
रजिस्ट्रेशन के बाद आरोपी ने लैपटॉप और अन्य सामान भेजने के नाम पर ₹9,979 जमा करवाए। इसके बाद डिलीवरी चार्ज के नाम पर ₹15,900 और जीएसटी आईडी बनवाने के लिए ₹14,900 और जमा करवा लिए। इस तरह युवती से कुल ₹42,279 ले लिए गए।
आरोपी लगातार फोन कर युवती पर और रुपए जमा करने का दबाव बनाता रहा। जब न नौकरी मिली और न ही जमा रकम वापस की गई तो अलेफिया को ठगी का पता चला। उसने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की। इसके बाद सोमवार को खाचरोद थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मोबाइल नंबरों और ऑनलाइन भुगतान से जुड़ी जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान और ठगी की रकम के लेनदेन की जांच की जा रही है।
ऑनलाइन नौकरी के विज्ञापनों में अगर रजिस्ट्रेशन, सिक्योरिटी, लैपटॉप, डिलीवरी, GST या अन्य किसी बहाने से लगातार पैसे मांगे जाएं तो सावधान रहें। नौकरी देने के नाम पर पहले पैसे मांगना साइबर फ्रॉड का बड़ा संकेत हो सकता है।
किसी संदिग्ध ऑनलाइन ट्रांजैक्शन या साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करना जरूरी है।

मध्य प्रदेश के यात्रियों के लिए बहुत ही शानदार खबर है। करीब 20 साल पहले बंद हो चुकी अपनी सरकारी बस सेवा अब 'मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा' के नाम से 25 सितंबर 2026 से फिर शुरू होने वाली है।

MP शिक्षक भर्ती: खाली पदों पर प्रदर्शनों के बीच शिक्षा विभाग ने सामने रखा 'असली गणित', जानिए 59,000 प्रमोशन पदों का पूरा सच।

मध्य प्रदेश में बसों के सफर को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, पीपीपी मॉडल और क्लीन एनर्जी से हाईटेक बनाने के लिए इंदौर में 11 और 12 सितंबर को दो दिवसीय विजन समिट 2026 का बड़ा आयोजन होने जा रहा है।
हर बड़ी ख़बर, ब्रेकिंग न्यूज़ और लेटेस्ट अपडेट्स सीधे अपने फेसबुक फीड पर पाएं।
Follow Page