उम्र के 60वें पड़ाव पर जहां लोग आराम को प्राथमिकता देते हैं, वहीं लुधियाना के रिटायर्ड IRS अधिकारी राजीव कौशल साइकिल से देश नापने निकले हैं।
-5.jpg&w=3840&q=75)
इंदौर। उम्र के 60वें पड़ाव पर जहां ज्यादातर लोग आराम और सुकून भरी जिंदगी को प्राथमिकता देते हैं, वहीं लुधियाना के रिटायर्ड IRS अधिकारी राजीव कौशल एक नई मिसाल पेश कर रहे हैं। वे साइकिल से कश्मीर से कन्याकुमारी तक का सफर तय करने निकले हैं। करीब 4 हजार किलोमीटर की इस यात्रा में वे रोजाना औसतन 100 किलोमीटर साइकिल चला रहे हैं। सोमवार को इंदौर पहुंचने के बाद उन्होंने रात यहां बिताई और मंगलवार सुबह अगले पड़ाव के लिए रवाना हो गए।
राजीव ने 1 नवंबर को इस यात्रा की शुरुआत की थी। उनका लक्ष्य 10 दिसंबर को कन्याकुमारी पहुंचना है। खास बात यह है कि इसी दिन उनका 61वां जन्मदिन भी है। उनके लिए यह सफर केवल एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने का जरिया नहीं, बल्कि खुद को चुनौती देने और यह जानने का प्रयास है कि उम्र के इस पड़ाव पर वे कितना कुछ कर सकते हैं।
राजीव का कहना है कि वे अपनी जिंदगी में कम्फर्ट जोन से बाहर निकलकर नए अनुभव हासिल करना चाहते हैं। कभी 70 तो कभी 120 किलोमीटर तक साइकिल चलाकर वे हर दिन अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं।
राजीव को बचपन से ही नए रास्तों पर जाने और कुछ अलग करने का शौक रहा है। साल 1985-86 में करीब 20 साल की उम्र में वे एक फिल्म देखने के लिए साइकिल से लगभग 100 किलोमीटर दूर लुधियाना पहुंच गए थे।
बाद में विदेश से आने वाले युवाओं को लंबी साइकिल यात्राएं करते देखकर उनके मन में भी देश घूमने की इच्छा जागी। साल 2018 में लेह में काम के दौरान अलग-अलग जगहों से आए यात्रियों से मुलाकात ने इस शौक को फिर से जिंदा कर दिया।
करीब डेढ़ साल पहले उन्होंने कश्मीर से कन्याकुमारी तक साइकिल यात्रा करने का फैसला लिया। इसके लिए ड्रीम बाइकर्स क्लब के डॉक्टर भगवंत सिंह और डॉक्टर धनवंत सिंह के मार्गदर्शन में ट्रेनिंग और तैयारी की। इस फैसले में उनकी पत्नी ने भी पूरा साथ दिया।
राजीव ने अपनी यात्रा का रूट दिल्ली, चंडीगढ़, हैदराबाद और सागर होते हुए कन्याकुमारी तक तय किया है। शुरुआत में यह उनका व्यक्तिगत सपना था, लेकिन ड्रीम बाइकर्स एंड रनर क्लब के सहयोग से इस यात्रा को एक सामाजिक उद्देश्य भी मिल गया।
शीला अलीपुरिया चैरिटी सोसाइटी ने इस पहल को जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा से जोड़ दिया। सोसाइटी के अध्यक्ष अजय अलीपुरिया ने एक जरूरतमंद बच्चे की पूरी पढ़ाई की जिम्मेदारी उठाने का संदेश दिया है।
राजीव का कहना है कि अगर उनकी इस कोशिश से कोई व्यक्ति अपनी सेहत के प्रति जागरूक होता है या किसी जरूरतमंद बच्चे की शिक्षा की जिम्मेदारी उठाता है, तो वे अपनी यात्रा को सफल मानेंगे।
लंबे सफर में राजीव को अनजान लोगों का सहयोग भी लगातार मिल रहा है। उन्होंने बताया कि एक बार गर्मी के दौरान दो युवक मोटरसाइकिल से करीब 10 से 15 किलोमीटर तक उनके पीछे आए। बातचीत में जब उन्होंने ठंडा पानी मिलने की इच्छा जताई, तो दोनों युवक आगे जाकर उनके लिए ठंडे पानी की बोतल लेकर आए। खास बात यह रही कि उन्होंने पानी के पैसे लेने से भी इनकार कर दिया।
राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों में पानी की कमी के बीच स्थानीय लोगों का सहयोग और उनका खुशमिजाज व्यवहार भी राजीव को याद है। वहीं, बनिहाल में सीआरपीएफ के जवानों ने भी उनकी यात्रा का उद्देश्य जानने के बाद मदद की।
इस लंबी यात्रा में राजीव को स्वास्थ्य संबंधी चुनौती का सामना भी करना पड़ा। कोटा के पास एक दूरस्थ इलाके में फूड पॉइजनिंग के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई। आसपास मेडिकल सुविधा उपलब्ध नहीं थी। ऐसे में होटल संचालकों ने गांव से एक आरएमपी डॉक्टर को बुलवाया।
तबीयत खराब होने के कारण वे लगातार तीन दिन तक कुछ खा नहीं पाए और उनकी यात्रा करीब छह दिन तक रुकी रही। अब उन्होंने दोबारा साइकिल चलाना शुरू कर दिया है, हालांकि चक्कर आने की समस्या के चलते सावधानी बरत रहे हैं।
फिलहाल उनके साथ एक सपोर्ट व्हीकल भी चल रहा है, जिसमें दवाइयां, जरूरी सामान और अतिरिक्त टायर रखे गए हैं।
राजीव का मानना है कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए जिम्मेदारी लेना और अनुशासन बनाए रखना बेहद जरूरी है। अपने प्रशासनिक करियर के दौरान भी उन्होंने कर्मचारियों के लिए तनावमुक्त माहौल बनाने पर जोर दिया था।
युवाओं को उनका संदेश है कि वे अपनी सेहत, शरीर, मन और पढ़ाई की जिम्मेदारी खुद लें। उनका मानना है कि अनुशासन के बिना किसी भी लक्ष्य को हासिल करना मुश्किल है।
राजीव अपनी सोच को एक पंक्ति में बयां करते हैं- 'क्यों डरें जिंदगी में क्या होगा, कुछ न होगा तो तजुर्बा होगा।' यही सोच उन्हें 60 साल की उम्र में भी नए रास्तों पर निकलने और खुद को लगातार चुनौती देने का हौसला दे रही है।
मध्य प्रदेश में सर्दी का असर बढ़ गया है। रात और सुबह के समय तेज ठंड पड़ रही है। इंदौर प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा। यहां न्यूनतम तापमान 12 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। वहीं, जबलपुर, उज्जैन समेत 16 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे रहा।
भारत के घरेलू टी-20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का नया सीजन आज से शुरू हो गया। शनिवार को 19 मैच हो रहे हैं। वैभव सूर्यवंशी ने टी-20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे युवा कप्तान होने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है।
.jpg&w=3840&q=75)
दिग्गज टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट में कर्मचारियों की संख्या घटाने की तैयारी की खबर सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी करीब 60 हजार कर्मचारियों के लिए वॉलंटरी एग्जिट ऑफर ला रही है।
हर बड़ी ख़बर, ब्रेकिंग न्यूज़ और लेटेस्ट अपडेट्स सीधे अपने फेसबुक फीड पर पाएं।
Follow Page