MP सरकार दिसंबर में दो चिंतन शिविरों के जरिए 2047 तक विकसित मध्य प्रदेश की रणनीति पर चर्चा करेगी। कैबिनेट ने कई विकास योजनाओं को मंजूरी दी।

मध्य प्रदेश सरकार अपने तीन साल के कार्यकाल की समीक्षा और अगले दो वर्षों की प्राथमिकताएं तय करने की तैयारी में है। इसके लिए दिसंबर में दो बड़े चिंतन शिविर आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में इन कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। पहला शिविर 2 दिसंबर को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ होगा। इसमें आठ सत्रों में वर्ष 2047 तक विकसित मध्य प्रदेश बनाने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
दूसरा चिंतन शिविर 21 और 22 दिसंबर को मंत्रियों तथा विधायकों के लिए आयोजित किया जाएगा। इसमें अधिकारियों के साथ चर्चा के आधार पर प्रदेश की आगामी कार्ययोजना तैयार की जाएगी। यह शिविर भोपाल से बाहर आयोजित होगा। सरकार का उद्देश्य विकास कार्यों की समीक्षा के साथ आगे की प्राथमिकताओं को तय करना है।
कैबिनेट ने वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने का फैसला किया है। सरकार युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के अवसरों से जोड़ने पर ध्यान देगी। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित करने की तैयारी है और इसके लिए परीक्षा कैलेंडर जारी किया गया है। भोपाल के नाथू बरखेड़ा में अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पहले चरण का उद्घाटन हो चुका है। पूरी परियोजना पर करीब एक हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
प्रदेश के नौ जिला सहकारी बैंकों को कुल 325 करोड़ रुपये की अंश पूंजी देने का फैसला हुआ है। रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर के बैंकों को 25-25 करोड़ रुपये मिलेंगे। रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के नए जिला सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। पैक्स और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव भी एक साल आगे बढ़ाए गए हैं। समितियों के गठन और परिसीमन का काम पूरा होने के बाद चुनाव होंगे।
सरकार ने खनिज राजस्व को करीब 12,170 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 30 हजार करोड़ रुपये सालाना करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए खनिज संसाधनों का नया सर्वे कराया जाएगा और नई खदानों की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। वहीं, 193 करोड़ रुपये की योजना के तहत 20 से अधिक घरों वाली 1,834 बसाहटों के करीब 46,500 घरों तक बिजली पहुंचाई जाएगी। छोटी बस्तियों में बिजली पहुंचाने की जिम्मेदारी राज्य सरकार उठाएगी।
ओंकारेश्वर की करीब 2,424 करोड़ रुपये की एकात्म धाम परियोजना को जारी रखने की मंजूरी दी गई है। इसके प्रमुख काम आगामी सिंहस्थ से पहले पूरे करने का लक्ष्य है। मांडू, कान्हा-किसली और पेंच में जनजातीय कैफेटेरिया भी बनाए जाएंगे, जहां पर्यटक स्थानीय व्यंजनों और जनजातीय खानपान की परंपराओं को जान सकेंगे।
मध्य प्रदेश की जनजातीय कला और विरासत को पहचान दिलाने के लिए भील जनजाति की माला, बोलनी और पिथोरा चित्रशैली के साथ झाबुआ की आदिवासी गुड़िया तथा गोंड जनजाति के पारंपरिक वाद्य यंत्रों के लिए जीआई टैग के आवेदन भेजे गए हैं।
कैबिनेट बैठक में विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तारीखें भी तय की गईं। सत्र 7 से 11 दिसंबर तक चलेगा। इसमें अनुपूरक बजट और शासकीय संकल्प सदन में रखे जाएंगे। बैठक में स्वामित्व योजना के तहत 26 लाख रजिस्ट्रियां होने, ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े काम और प्रदेश में चीतों की संख्या 62 पहुंचने की जानकारी भी दी गई। इनमें 43 चीते भारत में जन्मे हैं।

भोपाल के दशहरा मैदान में 34वां उत्सव मेला शुरू हुआ। 45 दिन के आयोजन में झूले, नियाग्रा थीम, पारंपरिक व्यंजन और खरीदारी के स्टॉल आकर्षण होंगे।
मंदसौर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात महिला की मौत हो गई। चार से पांच घंटे तक एंबुलेंस नहीं मिली तो स्थानीय व्यक्ति ठेले पर शव लेकर पीएम रूम पहुंचा।

छतरपुर में 75 जोड़ों के सामूहिक विवाह में CM मोहन यादव शामिल हुए। उन्होंने विदेश दौरा रद्द करने, गौसेवा और भारतीय परंपराओं को बढ़ावा देने की बात कही।
हर बड़ी ख़बर, ब्रेकिंग न्यूज़ और लेटेस्ट अपडेट्स सीधे अपने फेसबुक फीड पर पाएं।
Follow Page