दिग्गज टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट में कर्मचारियों की संख्या घटाने की तैयारी की खबर सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी करीब 60 हजार कर्मचारियों के लिए वॉलंटरी एग्जिट ऑफर ला रही है।
.jpg&w=3840&q=75)
Delhi News: दिग्गज टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट में कर्मचारियों की संख्या घटाने की तैयारी की खबर सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी करीब 60 हजार कर्मचारियों के लिए वॉलंटरी एग्जिट ऑफर ला रही है। इसके तहत पात्र कर्मचारियों को उनके ग्रेड के अनुसार एक साल तक की सैलरी एकमुश्त देने का प्रस्ताव है। हालांकि, इस ऑफर के तहत वास्तव में कितने कर्मचारी नौकरी छोड़ेंगे, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, यह स्कीम भारत, अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में लेवल 70 या उससे नीचे के पदों पर काम करने वाले पात्र कर्मचारियों के लिए है। कंपनी में कुल करीब 2.23 लाख कर्मचारी हैं, जिनमें लगभग 23 हजार भारत में काम करते हैं। पात्र कर्मचारियों को ईमेल के जरिए ऑफर की जानकारी दी जानी है और उन्हें 1 दिसंबर तक फैसला करना होगा।
वॉलंटरी एग्जिट ऑफर का मतलब है कि कंपनी कर्मचारियों को खुद नौकरी छोड़ने का विकल्प देती है। इसके बदले उन्हें तय शर्तों के मुताबिक आर्थिक पैकेज दिया जाता है। जो कर्मचारी यह ऑफर स्वीकार नहीं करेंगे, वे अपनी मौजूदा भूमिका में काम जारी रख सकते हैं या उन्हें दूसरी टीम में भेजा जा सकता है। हालांकि, आगे कंपनी की जरूरतों के अनुसार दूसरे फैसले भी लिए जा सकते हैं।
माइक्रोसॉफ्ट ने 2025 में मई और जुलाई के दौरान करीब 15 हजार कर्मचारियों की नौकरियों पर असर डालने वाली छंटनी की थी। इसके अलावा, जुलाई 2026 में भी कंपनी ने करीब 4,800 पद खत्म करने की घोषणा की थी। अब नए वॉलंटरी एग्जिट ऑफर की खबर से कंपनी की रोजगार नीति और भविष्य की योजनाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
कंपनी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सिस्टम तैयार करने पर बढ़ते खर्च के बीच कर्मचारियों की संख्या घटाने की यह पहल बताई जा रही है। माइक्रोसॉफ्ट की एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और चीफ पीपल ऑफिसर एमी कोलमैन के मुताबिक, वॉलंटरी एग्जिट ऑफर कंपनी के लिए नया प्रयोग है। कंपनी इससे सीखते हुए कर्मचारियों को जरूरी कामों पर ध्यान देने, नए कौशल सीखने और संगठन के भीतर नए अवसर तलाशने के लिए प्रोत्साहित करना चाहती है।
हर बड़ी ख़बर, ब्रेकिंग न्यूज़ और लेटेस्ट अपडेट्स सीधे अपने फेसबुक फीड पर पाएं।
Follow Page