सोना-चांदी की कीमतों ने लगातार 8वें दिन गोता लगाया है। 20 नवंबर को 10 ग्राम सोना 1,23,584 रुपए और एक किलो चांदी 1,50,650 रुपए पर बिका।
Business News:सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला लगातार जारी है। 20 नवंबर को सोने के भाव लगातार आठवें दिन गिरकर 1 लाख 23 हजार 584 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गए। वहीं, चांदी की कीमत भी घटकर 1 लाख 50 हजार 650 रुपए प्रति किलो रह गई। जनवरी 2026 में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद सोने की कीमतों में करीब 32% की गिरावट आ चुकी है। चांदी भी अपने ऑल टाइम हाई से करीब 60% नीचे आ गई है। सोने की कीमतों में आई इस बड़ी गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। जनवरी में 1 लाख 80 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंचने वाला सोना अब करीब 1 लाख 23 हजार रुपए पर कारोबार कर रहा है। पिछले 30 दिनों में इसके दाम करीब 15% और पिछले आठ दिनों में लगभग 13% टूट चुके हैं। 20 नवंबर को एक ही दिन में सोने की कीमत करीब 6 हजार रुपए कम हुई।
सोने की कीमतों में गिरावट की एक बड़ी वजह अमेरिकी डॉलर का मजबूत होना है। डॉलर इंडेक्स करीब 103.7 के स्तर पर पहुंच गया है, जो अप्रैल 2025 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर बताया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का कारोबार डॉलर में होता है। ऐसे में डॉलर मजबूत होने से दूसरी मुद्राओं में सोना महंगा हो जाता है और इसकी मांग पर असर पड़ता है।
अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की संभावना ने भी सोने की कीमतों पर दबाव बनाया है। निवेशकों को आशंका है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व दिसंबर में ब्याज दरों में फिर बढ़ोतरी कर सकता है। ब्याज दरें बढ़ने से बॉन्ड और डॉलर में निवेश का आकर्षण बढ़ता है। ऐसे में निवेशक सोने से पैसा निकालकर दूसरे विकल्पों की ओर रुख कर सकते हैं।
दुनियाभर में राजनीतिक और सैन्य तनाव के दौरान निवेशक सोने को सुरक्षित निवेश मानते हैं। अमेरिका-ईरान और रूस-यूक्रेन के बीच तनाव कम होने की उम्मीद से सोने की सुरक्षित निवेश के रूप में मांग प्रभावित हुई है। इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से भी बाजार में अनिश्चितता कम होने का संकेत मिला है। इससे सोने की कीमतों को मिलने वाला सहारा कमजोर पड़ा है।
सोने की कीमतों में गिरावट की एक अन्य वजह फिजिकल गोल्ड की कमजोर मांग है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई-सितंबर 2026 की तिमाही में गोल्ड बार और कॉइन की मांग 19% घटकर 268 टन रह गई। वहीं, ज्वेलरी की मांग में 17% की गिरावट आई और यह 313 टन पर पहुंच गई।
भारत में भी सोने की मांग कमजोर रही। जुलाई-सितंबर तिमाही में ज्वेलरी की मांग 20% घटकर 99.9 टन और बार-कॉइन की मांग 40% गिरकर 55 टन रह गई।
कीमतों में आई गिरावट का सबसे ज्यादा असर उन निवेशकों पर पड़ा है, जिन्होंने जनवरी में सोने के रिकॉर्ड ऊंचे भाव पर खरीदारी की थी। 1.76 लाख से 1.81 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर सोना खरीदने वाले निवेशकों को मौजूदा कीमतों पर करीब 30% तक नुकसान हो रहा है।
इसके अलावा गोल्ड लोन कंपनियों और ज्वेलर्स पर भी इसका असर पड़ सकता है। सोने की कीमत घटने से गोल्ड लोन के बदले रखे गए गहनों की मौजूदा कीमत कम हो जाती है। वहीं, ऊंचे भाव पर स्टॉक खरीदने वाले ज्वेलर्स को अब कम कीमत पर कारोबार करना पड़ रहा है।
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के प्रेसिडेंट पृथ्वीराज कोठारी के मुताबिक, दिसंबर में होने वाली अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक सोने की आगे की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगी। ब्याज दरों में बड़ी बढ़ोतरी होने पर सोने की कीमतों में और गिरावट आ सकती है। वहीं, दरों में बदलाव नहीं होने या मामूली बढ़ोतरी होने पर बाजार को राहत मिल सकती है।
केडिया एडवाइजरी के अजय केडिया का अनुमान है कि अगले 8 से 10 दिनों में सोने की कीमत 1 लाख 18 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती है। वहीं, इंडिया चार्ट्स के रोहित श्रीवास्तव का मानना है कि मौजूदा गिरावट कुछ समय की उथल-पुथल है। अगले 8 से 10 महीनों में सोना फिर अपने पुराने रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, फिलहाल सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। लंबी अवधि के निवेश के लिए खरीदारी करने वालों को एकमुश्त बड़ी रकम लगाने के बजाय चरणबद्ध तरीके से निवेश करने पर विचार करना चाहिए।
डिस्क्लेमर: यह खबर केवल सूचना देने के उद्देश्य से लिखी गई है। निवेश से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले वित्तीय विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।

SCO सभ्यतागत संवाद मंच में शामिल होने पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक दिल्ली पहुंचे। मई 2023 के बाद यह किसी पाक मंत्री की पहली भारत यात्रा है।
नौकरीपेशा लोग अब पीएफ से ज्यादा पैसा निकाल सकेंगे। EPFO ने 55 साल से कम उम्र के कर्मचारियों के लिए नौकरी के दौरान विड्रॉल की लिमिट 75% से बढ़ाकर 90% कर दी है।
सोने-चांदी के दाम में आज यानी 18 नवंबर को लगातार छठे दिन गिरावट जारी है। इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना आज 2,696 रुपए गिरकर 1.32 लाख रुपए आ गया है। वहीं, एक किलो चांदी 4,665 रुपए घटकर 1.65 लाख रुपए पर आ गई है।
हर बड़ी ख़बर, ब्रेकिंग न्यूज़ और लेटेस्ट अपडेट्स सीधे अपने फेसबुक फीड पर पाएं।
Follow Page