अकाली दल की NDA में वापसी पर नितिन नवीन ने स्वागत किया। BJP और अकाली दल छह साल बाद पंजाब चुनाव साथ लड़ेंगे।

शिरोमणि अकाली दल की एनडीए में वापसी के साथ पंजाब की राजनीति में नया समीकरण बन गया है। भाजपा और अकाली दल ने करीब छह साल बाद गठबंधन का ऐलान किया है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने इस फैसले को पंजाब और देश के हित में अहम बताया। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि दोनों दल साथ चुनाव लड़ेंगे और जीतने पर मुख्यमंत्री अकाली दल का नेता होगा।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि अकाली दल की एनडीए में वापसी से गठबंधन मजबूत होगा। उन्होंने दोनों दलों के संबंधों को स्वाभाविक बताते हुए कहा कि यह साझेदारी पंजाब के विकास और हिंदू-सिख एकता का प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भाजपा और अकाली दल मिलकर राज्य को आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दोनों दलों के साथ आने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पंजाब और पंजाबियों का कल्याण दोनों पार्टियों की प्राथमिकता है। पीएम ने अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और प्रकाश सिंह बादल के समय में बने संबंधों को याद करते हुए कहा कि यह गठबंधन कई कसौटियों पर खरा उतरा है।
दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में अमित शाह और सुखबीर सिंह बादल ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। शाह ने कहा कि भाजपा और अकाली दल पंजाब विधानसभा चुनाव साथ लड़ेंगे। अकाली दल गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका निभाएगा और जीत मिलने पर मुख्यमंत्री भी इसी पार्टी का नेता होगा। सीटों के बंटवारे पर अभी चर्चा होनी बाकी है।
अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि भाजपा और अकाली दल का रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि भावनात्मक है। उनके पिता प्रकाश सिंह बादल इसे नाखून और मांस जैसा संबंध बताते थे। सुखबीर ने अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के योगदान को याद करते हुए कहा कि दोनों दलों के साथ रहने से पंजाब में शांति और विकास का माहौल बना था।
सुखबीर बादल ने बताया कि प्रकाश सिंह बादल की जयंती पर 8 दिसंबर को मोगा में रैली होगी। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे। उन्होंने अपने पिता के सामाजिक योगदान और सभी धर्मों के लोगों को साथ लेकर चलने की नीति का उल्लेख किया।
भाजपा और अकाली दल का करीब 24 साल पुराना गठबंधन सितंबर 2020 में कृषि कानूनों के मुद्दे पर टूट गया था। इससे पहले दोनों दल 1997, 2007 और 2012 में गठबंधन सरकार बना चुके थे। अलग होने के बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल को तीन और भाजपा को दो सीटें मिली थीं।
अमित शाह ने कहा कि पंजाब को नशामुक्त बनाना और गैंगस्टरवाद पर लगाम लगाना जरूरी है। सुखबीर बादल ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाया कि पिछले दस साल में राज्य को नुकसान हुआ है। उन्होंने युवाओं, किसानों और खेती को बचाने के लिए दोनों दलों की साझेदारी को जरूरी बताया।
-3.jpg&w=3840&q=75)
हिंदी सिनेमा के ही-मैन धर्मेंद्र की पहली पुण्यतिथि है। 13 साल की उम्र में दिलीप कुमार को देखकर उन्होंने अभिनेता बनने का सपना देखा था। पहली फिल्म के लिए उन्हें 51 रुपए मिले थे
-2.jpeg&w=3840&q=75)
सोनिया गांधी की किताब में वीर सावरकर पर लिखी दो टिप्पणियों को लेकर सत्यकी सावरकर ने 15 दिन का कानूनी नोटिस भेजा है।
-3.jpg&w=3840&q=75)
एम्पलाई प्रोविडेंट फंड ऑर्गेनाइजेशन (EPFO) दिसंबर के आखिरी तक UPI के जरिए प्रोविडेंट फंड (PF) निकालने की सुविधा शुरू कर सकता है।
हर बड़ी ख़बर, ब्रेकिंग न्यूज़ और लेटेस्ट अपडेट्स सीधे अपने फेसबुक फीड पर पाएं।
Follow Page